पेयजल बिलों में अनियमितता से भड़का आक्रोश, पानी मीटर समाप्त करने की मांग समाधान न होने पर उग्र होगा आंदोलन



ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) मुनि की रेती 30 सितंबर  14 बीघा ढालवाला क्षेत्र के घरों में लगातार पेयजल बिलों में अनियमितता और पानी के मीटर खराब होने की शिकायतों को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार को नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने सभासदों एवं क्षेत्रीय जनता के साथ पेयजल निगम देहरादून (विश्व बैंक) के एएक्सएन, एई और जेई के साथ बैठक की।

बैठक के दौरान स्थानीय लोगों ने पेयजल बिलों में आ रही अनियमितताओं, खराब मीटरों तथा मीटर के आधार पर अधिक बिल आने की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष, सभासदों एवं क्षेत्रीय जनता की ओर से अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का ठोस समाधान करने की मांग की गई।

स्थानीय लोगों ने पानी के मीटर समाप्त करने तथा पूर्व की व्यवस्था के अनुसार चार माह का 840 रुपये का पेयजल बिल लिए जाने की मांग की। उनका कहना था कि खराब मीटरों के कारण उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पेयजल निगम के अधिकारियों के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में लगे पानी के मीटर भी जमा किए जाने की चेतावनी दी गई।

इस दौरान सभासद गजेंद्र सिंह सजवाण, लक्ष्मण भंडारी, विनोद सकलानी, स्वाति पोखरियाल, सभासद प्रतिनिधि अजय रमोला, सचिन पैन्यूली, सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद नेगी, स्थानीय निवासी दिनेश व्यास  सूर्य चंद्र सिंह चौहान, धनपाल भंडारी, जगबीर सिंह चौहान, विशाल मणि सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608
error: Content is protected !!