


ऋषिकेश 20 नवंबर । उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व इगास (दीपावली) के अवसर पर आईडीपीएल ग्राउंड, ऋषिकेश में आयोजित भव्य समारोह का शुभारंभ ज्योत प्रज्वलित कर किया गया। शुभारंभ सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पौड़ी गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी तथा ऋषिकेश की पूर्व महापौर अनिता ममंगाई ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं एवं धार्मिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि इगास पर्व उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, लोकआस्था, पारंपरिक उत्सवधर्मिता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, लोकपरंपराओं एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
समारोह में प्रसिद्ध लोकगायक एवं जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण ने अपनी लोक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों एवं संस्कृति प्रेमियों ने सहभागिता की।कार्यक्रम की संयोजक पूर्व महापौर अनीता मंगाई ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। समारोह में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपरा और उत्सव की भव्य छटा देखने को मिली।

