


ऋषिकेश 20 नवंबर ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने राह चलते व्यक्ति से करीब 1 लाख 36 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन छीनकर फरार हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया Samsung Galaxy S25 Ultra मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त Honda Activa स्कूटी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को विकास पुत्र गिरीश निवासी गली नंबर-13, मनसा देवी, गुमानीवाला ऋषिकेश ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 1:30 बजे वह मनसा देवी फाटक से फोन पर बात करते हुए पैदल घर जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार दो अज्ञात युवक पीछे से आए और उनके हाथ से Samsung Galaxy S25 Ultra मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। मोबाइल की कीमत करीब 1 लाख 36 हजार रुपये बताई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 607/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 19 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि मोबाइल छीनने की घटना में शामिल दो युवक स्कूटी सहित मनसा देवी फाटक से नटराज की ओर जाने वाली सड़क के किनारे खड़े हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को स्कूटी सहित दबोच लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से वादी का छीना हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त Honda Activa स्कूटी संख्या UK14J-3273 भी कब्जे में ले ली। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
1. अमन गोड (24 वर्ष) पुत्र अंगद गोड, मूल निवासी ग्राम इन्दोली, थाना ऊभान, जनपद बलिया, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश।
2. हिमांशु शर्मा (26 वर्ष) पुत्र वीरेन्द्र शर्मा, निवासी मोहल्ला धर्मकांटा, मीरगंज, जनपद बरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी बापू ग्राम, आईडीपीएल, ऋषिकेश।
पुलिस टीम में शामिल रहे
उपनिरीक्षक कविन्द्र राणा, हेड कांस्टेबल अमित राणा, कांस्टेबल संदीप भट्ट एवं कांस्टेबल अशोक कुमार शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

