

ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) ऋषिकेश 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के विशेष अवसर पर आज प्रातः नगर निगम ऋषिकेश द्वारा त्रिवेणी घाट के पावन तट पर एक भव्य योग कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया ।
इस गौरवमयी कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिकों, योग साधकों और शहर के प्रबुद्ध जनों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और “करें योग, रहें निरोग” के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 7:00 बजे हुआ। व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए नगर निगम द्वारा सभी प्रतिभागियों को योग टी-शर्ट वितरित की गईं, जिसके बाद सभी ने गंगा मां के पावन तट पर योग क्रियाओं और प्राणायाम का अभ्यास किया।
इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय नरेश बंसल जी (राज्यसभा सांसद), विधायक प्रेमचंद अग्रवाल जी, महापौर शंभू पासवान जी और भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल जी उपस्थित रहे। अतिथियों ने योग के साथ शुरुआत की और समाज को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग वह स्वर्णिम कुंजी है जो स्वास्थ्य, खुशी और सफलता के द्वार खोलती है। योग को केवल एक दिन के उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए ताकि एक स्वस्थ और समर्थ राष्ट्र का निर्माण हो सके।
सामूहिक योग अभ्यास के बाद मुख्य अतिथियों द्वारा नगर निगम के कर्मचारियों और स्थानीय जनता को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी ।
इस अवसर पर कुसुम कंडवाल (अध्यक्ष राज्य महिला आयोग) संदीप गुप्ता कपिल गुप्ता राहुल शर्मा (अध्यक्ष गंगा सभा ) चंद्रशेखर शर्मा नगर निगम के अधिकारी एवं समस्त कर्मचारी गण उपस्थित थे.

