



टिहरी 17 नवम्बर, सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के तहत उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसके तहत जनपद टिहरी गढ़वाल में भी विभिन्न आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का अभ्यास किया जाएगा।
मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर आज कलेक्ट्रेट स्थित सभागार कक्ष में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी की उपस्थिति में जनपद के इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी वीसी के माध्यम से आयोजित ओरिएंटेशन एवं कोऑर्डिनेशन कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए। इस दौरान मॉक ड्रिल के सफल आयोजन, विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया एवं आपसी समन्वय को लेकर जानकारी दी गई।
वीसी के माध्यम से सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रत्येक वर्ष 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा की गई है। इसी क्रम में 25 नवंबर को सभी जनपदों में टेबल टॉप एक्सरसाइज तथा 28 नवंबर को राज्यभर में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा की स्थिति में सूचना प्राप्त होने से लेकर राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, आपातकालीन संचार व्यवस्था, घायलों का उपचार, सुरक्षित निकासी तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की तैयारियों को परखना है। इसके तहत जनपदों में लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ अभ्यास किया जाएगा।
मॉक ड्रिल के दौरान राहत शिविरों की स्थापना का अभ्यास भी किया जाएगा। शिविरों में बिजली, पेयजल, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा, शिशु आहार तथा गर्भवती महिलाओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाएगा। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस और होमगार्ड की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान संबंधित विभागों को आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, राजस्व, लोक निर्माण, विद्युत, पेयजल सहित अन्य संबंधित विभागों एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

