



ऋषिकेश/ मुनी की रेती 17 नवंबर भारत स्काउट एवं गाइड, टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में जनपद स्तरीय तृतीय सोपान जांच शिविर का आयोजन 15 नवंबर से 19 नवंबर 2026 तक लाल बहादुर शास्त्री जूनियर हाईस्कूल, ढालवाला, मुनि की रेती में किया जा रहा है। शिविर में जनपद के सभी विकासखंडों के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रहे हैं।
शिविर का शुभारंभ प्रथम दिवस पंजीकरण के साथ किया गया। दूसरे दिन प्रतिभागियों को ध्वज शिष्टाचार सहित स्काउटिंग एवं गाइडिंग से संबंधित विभिन्न सैद्धांतिक जानकारियां दी गईं। इसके साथ ही एसडीआरएफ की टीम ने बच्चों को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों के प्रति जागरूक किया।
शिविर के तीसरे दिन चिकित्सक द्वारा छात्र-छात्राओं को प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही तृतीय सोपान के अंतर्गत विभिन्न प्रकार की गांठों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान हाइकिंग का भी आयोजन किया गया। हाइकिंग के अवसर पर अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा स्वच्छता के महत्व और दैनिक जीवन में इसकी उपयोगिता के बारे में बताया।
शिविर का आयोजन टिहरी गढ़वाल की मुख्यायुक्त एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल के निर्देशन में किया जा रहा है। शिविर में जिला सचिव बी.पी. सिंह यादव, जिलायुक्त आर.सी. रतूड़ी, जिला प्रशिक्षणायुक्त के.एल. शाह, जिला प्रशिक्षणायुक्त गाइड अनिता उनियाल, जिला संगठनायुक्त गाइड अंजू रानी शर्मा, जिला संगठनायुक्त गाइड संगठनायुक्त आदित्य नारायण सिंह, जिला सह संगठनायुक्त बालकृष्ण उपाध्याय, जिला सह प्रशिक्षणायुक्त प्रेम सिंह राणा, कोषाध्यक्ष बिरेंद्र कुड़ियाल, जिला विकास समन्वयक रामकृष्ण पोखरियाल, भगवती प्रसाद रयाल, विनीता बहुगुणा, जयराम कुशवाहा एवं दाताराम पुर्वाल सहित विभिन्न विद्यालयों के कंटिंजेंट लीडर उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सेवा भावना, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक चिकित्सा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

