


ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) 7 सितम्बर एम्स ऋषिकेश के कॉलेज ऑफ नर्सिंग के तत्वावधान में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह 2026 के तहत खदरी स्थित विवेका एकेडमी में ‘कम्युनिटी न्यूट्रिशन मेला’ आयोजित किया गया। मेले में कक्षा 8 के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को संतुलित पोषण, स्वस्थ भोजन के चयन, एनीमिया की रोकथाम तथा पोषण से जुड़ी विभिन्न भ्रांतियों के प्रति जागरूक करना था। मेले में एमएससी एवं बीएससी नर्सिंग के छात्रों ने संयुक्त रूप से विभिन्न इंटरैक्टिव और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. डॉ. स्मृति अरोड़ा एवं विवेका एकेडमी की प्रिंसिपल श्रीमती दिवेश्वरी देवी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक और जागरूकता आधारित आयोजन स्कूली बच्चों के शारीरिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्न-उत्तर सत्र में छात्र-छात्राओं ने पोषण से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका विशेषज्ञों एवं नर्सिंग छात्रों ने सरल भाषा में समाधान किया। इससे बच्चों को पोषण संबंधी महत्वपूर्ण संदेशों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला।
‘खेलो, सीखो, बदलो—स्वस्थ समुदाय, स्वस्थ भविष्य’ के मुख्य संदेश पर आधारित इस पोषण मेले में शिक्षा के लिए ‘हैंड्स-ऑन’ यानी व्यावहारिक पद्धति को अपनाया गया। बच्चों को संतुलित भोजन, किफायती पोषण, पैक्ड फूड में छिपी चीनी, नमक और फैट की मात्रा, आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थों तथा पोषण से जुड़ी आम गलतफहमियों के बारे में रोचक तरीके से जानकारी दी गई।
इस पहल के माध्यम से पोषण संबंधी जटिल अवधारणाओं को सरल, व्यावहारिक और दिलचस्प सीखने के अनुभव में बदलने का प्रयास किया गया। साथ ही समुदाय आधारित निवारक स्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य संवर्धन शिक्षा में नर्सिंग छात्रों की महत्वपूर्ण भूमिका को भी उजागर किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. राजराजेश्वरी, रीना, मुरली, सचिन एवं मुकेश सहित अन्य सहयोगियों की विशेष भूमिका रही।

