


ऋषिकेश/मुनिकीरेती, 26 अक्टूबर। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर नव मधुबन आश्रम, मुनिकीरेती से भगवान जगन्नाथ की 29वीं भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। रथ यात्रा के शुभारंभ से पहले आश्रम परिसर में भगवान जगन्नाथ के रथ की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। इसके बाद संत-महात्माओं की उपस्थिति में रथ यात्रा का शुभारंभ हुआ।
नव मधुबन आश्रम के अध्यक्ष स्वामी परमानंद दास महाराज ने रथ यात्रा में पहुंचे संत-महात्माओं का फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। भगवान जगन्नाथ के जयकारों के बीच निकली रथ यात्रा में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
रथ यात्रा नव मधुबन आश्रम से चंद्रभागा पुल, त्रिवेणी घाट चौराहा होते हुए रेलवे स्टेशन स्थित गुरुद्वारा पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया। इस दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का वातावरण बना रहा।
भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा में आशीर्वाद लेने के लिए उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, ऋषिकेश विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल, ऋषिकेश महापौर शंभू पासवान सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं संत-महात्मा पहुंचे।
इस अवसर पर जगतगुरु कृष्णाचार्य महाराज, महंत महावीर दास, महंत रवि शास्त्री, महंत मनोज द्विवेदी, पन्नाचार्य महाराज, महाराज शंकर दास, हर्ष कौशल, सूर्यचंद्र सिंह चौहान, सुनील कंडवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शरद पूर्णिमा के अवसर पर निकली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा ने मुनिकीरेती और ऋषिकेश क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

