कुंभ से पहले बदलेगी मुनिकीरेती-ढालवाला की तस्वीर, स्मार्ट सुविधाओं पर तेज हुई कवायद142 करोड़ की सीवर योजना



ऋषिकेश (अशीष कुकरेती) मुनिकीरेती 02 सितंबर आगामी कुंभ मेले से पूर्व नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र को आधुनिक और स्मार्ट स्वरूप देने की कवायद अब धरातल पर उतरती नजर आने लगी है। क्षेत्र में प्रस्तावित विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं और विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। निकाय सभागार में आयोजित बैठक में पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने सभी विभागों के अधिकारियों से आपसी समन्वय स्थापित कर जनसुविधा को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्य संपादित करने के निर्देश दिए। बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इसी माह नगर पालिका क्षेत्र में 33 केवी की भूमिगत विद्युत लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके बाद क्षेत्र से विद्युत पोल हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी। इस पर पालिकाध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन जितनी सड़क की खुदाई की जाए, उतना ही भरान भी किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। सड़क से नीचे मेनहोलों पर जताई नाराजगी पालिका अध्यक्ष ने नगर क्षेत्र में सड़क स्तर से नीचे बने सीवर मेनहोलों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इनके कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने सीवर विभाग के अधिकारियों को शीघ्र ही पूरे निकाय क्षेत्र में क्षतिग्रस्त मेनहोलों की मरम्मत करने तथा सड़क से नीचे बने मेनहोलों को सड़क स्तर के अनुरूप दुरुस्त करने के निर्देश दिए।  सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नगर क्षेत्र में जल निकासी से संबंधित अधिकांश कार्य पूरे किए जा चुके हैं। जबकि गंगा रिजॉर्ट से पशुपालन विभाग तक तथा सुमन पार्क ढालवाला के समीप जल निकासी के शेष कार्य आगामी कुंभ से पूर्व पूरे कर लिए जाएंगे।

हर घर को मिलेगा सीवर कनेक्शन

बैठक में उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) के अधिकारियों ने बताया कि करीब 142 करोड़ रुपये की लागत से मुनिकीरेती-ढालवाला नगर क्षेत्र में व्यापक सीवर नेटवर्क बिछाया जाएगा। योजना के तहत क्षेत्र को छह जोन में विभाजित कर प्रत्येक घर को सीवर कनेक्टिविटी से जोड़ा जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से नगर क्षेत्र की स्वच्छता और सीवरेज व्यवस्था में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है।

स्काई लिफ्ट से रामझूला पहुंचेंगे पर्यटक

पर्यटन सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में भी बड़ी योजना प्रस्तावित की गई है। यूयूएसडीए अधिकारियों ने बैठक में कुट्टी माता पार्किंग से रामझूला तक पर्यटकों की सुविधा के लिए स्काई लिफ्ट योजना की जानकारी दी।

योजना के तहत कुट्टी माता पार्किंग का रिमॉडलिंग कार्य किया जाएगा। पार्किंग में प्रवेश और निकास की बेहतर व्यवस्था के साथ विभिन्न सार्वजनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा पार्किंग से रामझूला तक स्काई लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जहां से पर्यटक पैदल मार्ग के माध्यम से रामझूला पुल तक पहुंच सकेंगे।

सुमन पार्क बनेगा आधुनिक इको पार्क

ढालवाला स्थित सुमन पार्क को भी आधुनिक सुविधाओं से युक्त इको पार्क के रूप में विकसित करने की योजना है। प्रस्तावित इको पार्क में पार्किंग, फूड जोन, जॉगिंग ट्रैक, योगा पार्क और ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

इस दौरान अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने इको पार्क को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए जुरासिक पार्क की तर्ज पर रचनात्मक और आकर्षक संरचनाएं विकसित करने का सुझाव दिया।

अपग्रेड होगा ढालवाला का मोटर पुल

बैठक में ढालवाला बाईपास स्थित चंद्रभागा नदी पर बने पुराने मोटर पुल को लेकर भी महत्वपूर्ण योजना पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि बरसात और चंद्रभागा नदी में आने वाली बाढ़ के दौरान पानी का तेज बहाव पुल के ऊपर से गुजरता है, जिससे पुल कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुका है। साथ ही वर्तमान पुल अपेक्षाकृत संकरा भी है।

योजना के तहत पुराने पुल के समीप एक नया एलिवेटेड मोटर पुल बनाया जाएगा। नया पुल तैयार होने के बाद पुराने क्षतिग्रस्त पुल को ध्वस्त किया जाएगा। इससे यातायात व्यवस्था सुगम होने के साथ ही बरसात के दौरान आवागमन की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

बैठक में एई सिंचाई विभाग दर्मियान सिंह असवाल, जेई एनएच श्रीनगर संदीप, एसडीओ मुनिकीरेती एमएस नेगी, जेई यूपीसीएल देवेश अवस्थी, पंकज काला, जेई जल संस्थान प्रमोद हटवाल सहित उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) के अधिकारी उपस्थित रहे।

कुंभ से पहले प्रस्तावित इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र की तस्वीर बदलने और स्थानीय नागरिकों के साथ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608
error: Content is protected !!