ब्रेकिंग

राजकीय कन्या इंटर कॉलेज श्रीनगर व सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज कोटद्वार में हुआ बाल विवाह के खिलाफ जागरुक कार्यक्रम



ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) पौड़ी 16 अप्रैल अक्षय तृतीया के मद्देनजर जनपद में बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरुकता अभियान तेज कर दिया गया है। जिला प्रशासन व जिला परिवीक्षा अधिकारी कार्यालय के नेतृत्व में जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति और चाइल्डलाइन-1098 के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

गुरुवार को जनपद के दो विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से 700 से अधिक छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्प्रभावों और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरुक किया गया। जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि श्रीनगर स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में करीब 250 छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान बाल कल्याण समिति सदस्य सुनीता भट्ट ने बाल विवाह निषेध अधिनियम, पॉक्सो एक्ट 2012 और किशोर न्याय अधिनियम 2015 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी। छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

वहीं कोटद्वार के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जानकीनगर में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 450 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बाल कल्याण समिति सदस्य कपिल रतूड़ी ने बाल संरक्षण तंत्र, बच्चों के अधिकारों और संबंधित कानूनों की जानकारी दी। साथ ही चाइल्डलाइन-1098 हेल्पलाइन के बारे में भी जागरुक किया गया।

जिला परिवीक्षा अधिकारी ने बताया कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और जागरुकता के माध्यम से ही बालिकाओं का सुरक्षित व सशक्त भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जनपद में 16 से 18 अप्रैल तक तीन दिवसीय अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत इस माह कुल छह विद्यालयों में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर श्रीनगर में प्रधानाचार्य मीना गैरोला, पैरालीगल वॉलंटियर्स पूनम हटवाल, प्रियंका रॉय और सूरज कुमार व कोटद्वार में प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती, विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्था से अभिषेक नेगी और अध्यक्ष राकेश सहित छात्र–छात्राएं उपस्थित रहे।

 

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608
error: Content is protected !!