ब्रेकिंग

नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान की अध्यक्षता में राष्ट्रीय वायु सुधार कार्यक्रम (NCAP) अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक



 

ऋषिकेश, 28 फरवरी (आशीष कुकरेती) नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान की अध्यक्षता में राष्ट्रीय वायु सुधार कार्यक्रम (NCAP) अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं वायु गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
बैठक में नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने जानकारी दी कि पीपीपी मोड पर शहर में चार ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। वहीं गोविंद नगर स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में लिगेसी वेस्ट के निस्तारण के लिए डीपीआर शासन से स्वीकृत हो चुकी है और शीघ्र ही निविदा प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। आगामी माह में नगर निगम क्षेत्र के आस्था पथ पर ग्रीनरी डेवलपमेंट का कार्य भी शुरू किया जाएगा। इसके अतिरिक्त NCAP से प्राप्त धनराशि से विभिन्न मार्गों पर ‘पेविंग ऑफ शोल्डर’ के तहत टाइल पटरी निर्माण कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। शहर के शैक्षिक संस्थानों में समय-समय पर जागरूकता कार्यशालाएं भी आयोजित की जा रही हैं।महापौर ने बताया कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना के तहत बड़ी संख्या में रेत, बजरी एवं सीमेंट से लदे डंपर-ट्रकों का आवागमन हो रहा है, जिससे मार्गों पर धूल और डस्ट पार्टिकल्स बढ़ रहे हैं। इस पर परिवहन विभाग को सभी संबंधित वाहनों को निर्माण सामग्री ढककर ले जाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

‘इम्प्रूवमेंट ऑफ ट्रैफिक जंक्शन फॉर डी-कंजेशन’ मद में 30 लाख रुपये की धनराशि चेक के माध्यम से एआरटीओ ऋषिकेश को प्रदान की गई है। इस राशि से शहर के विभिन्न ट्रैफिक जंक्शनों पर सुधार कार्य कर जाम की समस्या कम करने और वायु प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास किए जाएंगे।

कूड़ा जलाने की घटनाओं पर सख्ती
सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट ने अवगत कराया कि कुछ शासकीय परिसरों में प्रतिदिन कूड़ा जलाए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इस पर नगर आयुक्त ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं संबंधित विभागों को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में महापौर ने शहर में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए सभी विभागों को अपने-अपने स्तर से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, एआरटीओ रावत सिंह, अनूप लिंगवाल, वन विभाग से प्रकाश अन्थवाल व सुनील बद्दुला, पीडब्ल्यूडी से विनोद भारती, अवर अभियंता संदीप रतूड़ी, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन कंपनी के प्रतिनिधि, एमआईएस एक्सपर्ट चरण सिंह यादव तथा एमआरएफ सेंटर के अमित मोनियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608
error: Content is protected !!