

सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन मुनिकीरेती-ढालवाला के सक्रिय सदस्य बडहल(शिवपुरी) निवासी,नरेंद्र नगर विकास खण्ड के जूनियर हाई स्कूल लम्बधार (तिमली) से सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक श्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी कुछ दिन पूर्व सडक दुर्घटना में गम्भीर रूप से घायल होने के पश्चात अस्पताल मेॅ उनका निधन होने से मुनिकीरेती -ढालवाला ही नहीं बल्कि बडहल,शिवपुरी,तिमली व सम्पूर्ण दोगी पट्टी क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। उनका अन्तिम संस्कार उनके पैतृक घाट शिवपुरी में सैकडों की उपस्थिति में किया गया। उनके इकलौते पुत्र संजय भण्डारी ने चिता को मुखाग्नि दी।उनके सम्मान व स्मरण के लिए सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन मुनिकीरेती-ढालवाला की एक शोक सभा में दिवंगत आत्मा की शान्ति के लिए दो मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विरेन्द्रसिंह कृषाली ने कहा कि आकर्षक व्यक्तित्व के धनी राजेन्द्र सिंह भण्डारी शिक्षक समाज के लिए आदर्श हैं उन्होंने राजकीय सेवा शानदार व यादगारी रूप में की है।आकर्षक व्यक्तित्व के धनी भण्डारी का शिक्षक समाज हमेशा ऋणी रहेगा।शाखा अध्यक्ष शूरवीरसिंह चौहान ने कहा कि मृत्यु शाश्वत सत्य है,हमें मृत्यु से नहीं डरना है। कोषाध्यक्ष जबर सिंह पंवार ने कहा कि उनका व्यक्तित्व व कार्यशैली,सामाजिक समरसता हमारे ह्रदय में हमेशा बसी रहेगी तथा हमारा मार्ग प्रशस्त करेगी।उनके सबसे गहरे व बचपन के साथी राजेन्द्र सिंह भण्डारी ने कहा कि वे साहसी,मृदुभाषी, निडर व स्वाभिमानी थे।हमेशा उनका सौहार्द पूर्ण व्यवहार रहा है। वे हम सब के लिये प्रेरणा स्रोत हैं। उनके साथी शिक्षक हृदयराम सेमवाल ने कहा कि उनके द्वारा किये गए कार्य हम सभी को मधुर स्मृति में सदैव याद रखेंगे। संगठन के वरिष्ठ सदस्य विजेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि उनके निधन से संगठन की अपूरणीय क्षति हुई है जिसकी भरपाई नहीं हो सकती। उनके साथ सेवानिवृत्त होने वाले संगठन के सक्रिय सदस्य पूर्ण सिंह रावत ने कहा कि श्री भण्डारी कर्मठ,कर्तव्यपरायण, अपने कार्य के प्रति समर्पित व्यक्तित्व के धनी निष्ठावान व प्रतिभावान आदर्श शिक्षक थे। उनकी छवि हमेशा शिक्षकों के हृदय में विराजमान रहेगी।शोक व्यक्त करने वालों में भगवती प्रसाद उनियाल,राजेश चमोली, वीरेंद्रमोहन सिंह सजवाण, सौकार सिंह असवाल आदि उपस्थित थे।

