ब्रेकिंग

भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन और राजतिलक के साथ श्रीरामलीला का भव्य समापन



रायवाला, 6 नवंबर। हनुमान चौक, प्रतीतनगर रायवाला में आयोजित भव्य श्रीरामलीला का भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन एवं राजतिलक के साथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने और राजतिलक के मनोहारी मंचन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।

समापन समारोह में संत समाज की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सामाजिक, राजनीतिक, साहित्यिक एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर आयोजन की शोभा बढ़ाई।

इस अवसर पर सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त एवं नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने महर्षि वशिष्ठ की भूमिका का निर्वहन किया। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, धर्म और लोककल्याण के संदेश को मंचन के माध्यम से प्रस्तुत किया। साथ ही समस्त क्षेत्रवासियों, प्रदेशवासियों एवं देशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की।

रामलीला समिति के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले क्षेत्रवासियों, अतिथियों, सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों का इसी प्रकार सहयोग और स्नेह मिलता रहा तो भविष्य में भी रामलीला का आयोजन और अधिक भव्यता के साथ किया जाएगा।

इस अवसर पर गणेश रावत, अजय साहू, बहादुर जनी, रमेश क्षेत्री, रमा कुकसाल, उमा जोशी, अनीता भट्ट, महेंद्र सिंह कुटी, गोपाल गिरी, राहुल अग्रवाल, साध्वी मां देवेश्वरी, श्रीमहंत दर्शन भारती, पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, पूरण मोघा आचार्य सुमन कुकरेती, आचार्य बसंत भदूला, चतर सिंह गुरुजी एवं दीपक प्रजापति सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

समारोह में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने रामलीला के विभिन्न पात्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का समापन भगवान श्रीराम के जयघोष और भक्तिमय वातावरण के बीच हुआ।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608