


ऋषिकेश (आशीष कुकरेती ) कंडीसौड़ टिहरी माध्यमिक शिक्षा विभाग की 24वीं जिलास्तरीय शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता में खो-खो के विभिन्न आयु वर्गों में नरेंद्रनगर ब्लॉक के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की।
थौलधार ब्लॉक स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, छाम के खेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता के अंडर-19 बालक वर्ग खो-खो में नरेंद्रनगर ब्लॉक की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि थौलधार ब्लॉक की टीम दूसरे स्थान पर रही। नरेंद्रनगर ब्लॉक की टीम में श्री पूर्णानंद इंटर कॉलेज, मुनि की रेती के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
इसी प्रकार अंडर-17 बालक वर्ग खो-खो में भी नरेंद्रनगर ब्लॉक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि देवप्रयाग ब्लॉक दूसरे स्थान पर रहा। इस वर्ग में भी श्री पूर्णानंद इंटर कॉलेज, मुनि की रेती के खिलाड़ियों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा।
अंडर-17 बालिका वर्ग में नरेंद्रनगर और देवप्रयाग के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें नरेंद्रनगर ब्लॉक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और देवप्रयाग ब्लॉक दूसरे स्थान पर रहा।
वहीं अंडर-14 बालक वर्ग में भी नरेंद्रनगर ब्लॉक ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि देवप्रयाग ब्लॉक दूसरे स्थान पर रहा।
इन शानदार उपलब्धियों के आधार पर नरेंद्रनगर ब्लॉक खो-खो में ओवरऑल चैंपियन रहा। प्रतियोगिता में श्री पूर्णानंद इंटर कॉलेज, मुनि की रेती के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीतपाल सिंह रौथाण, शारीरिक शिक्षा शिक्षक धीरेंद्र सिंह असवाल तथा विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

