



ऋषिकेश 15 नवंबर उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और लोक अस्मिता को समर्पित गढ़ सेवा संस्थान के तत्वावधान में ईगास बग्वाल का पर्व धूमधाम से 17 नवंबर को मनाया जाएगा। 17 नवंबर को शाम 5 बजे से हरिद्वार रोड स्थित आशीर्वाद वाटिका में कार्यक्रम का आयोजन होगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखंड सरकार में दायित्वधारी राज्यमंत्री वीरेंद्र दत्त सेमवाल, कार्यक्रम अध्यक्षता ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल करेंगे एवं संचालन आर.जे. काव्या करेंगी।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भैलों और प्रसिद्ध “पंडवाज बैंड” का लाइव कॉन्सर्ट होगा, जो अपने लोकगीतों और पहाड़ी धुनों से पूरे वातावरण को उल्लासमय बनाएगा।
इस अवसर पर गढ़ सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि गढ़ रक्षक महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ना, लोक संस्कृति के संरक्षण को बढ़ावा देना तथा समाजसेवा के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिभाओं को सम्मानित करना है।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संस्था के अध्यक्ष रविंद्र राणा ने कहा कि ईगास बग्वाल हमारी लोक पहचान का प्रतीक पर्व है। यह त्योहार हमें अपनी विरासत, परंपरा और एकता की भावना को सहेजने का संदेश देता है। गढ़ सेवा संस्थान द्वारा इस आयोजन के माध्यम से संस्कृति और समाजसेवा के उत्कृष्ट प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में उल्लेखनीय कार्य करने वाले उत्तराखंड के उत्कृष्ट शिल्पकारों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में लक्की ड्रॉ के माध्यम से 12 भाग्यशाली विजेताओं को 12 इनाम दिए जाएंगे। जिसमें प्रथम पुरस्कार एक्टिवा स्कूटी, द्वितीय पुरस्कार मोबाइल, तृतीय पुरस्कार साइकिल के साथ ही नौ अन्य पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
प्रेस वार्ता का संचालन संस्था सचिव गोपाल सती ने किया।
पत्रकार वार्ता में निदेशक देवेंद्र नेगी, मनोज ध्यानी, सुमित पंवार, ताजेंद्र सिंह नेगी, विजय रावत, दिनेश पायल, कौशल बिजलवान, अरुण बडोनी, भगवती प्रसाद रतूड़ी सहित अन्य उपस्थित थे।

