


ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) 4 अक्टूबरटिहरी भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री लाखी राम जोशी ने उत्तराखंड से राज्यसभा की रिक्त सीट के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। जोशी के राज्यसभा की दौड़ में सामने आने के बाद टिहरी और प्रदेश भाजपा के राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
लाखी राम जोशी उत्तर प्रदेश के समय टिहरी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उत्तराखंड राज्य गठन के बाद भी वे अंतरिम विधानसभा के सदस्य रहे और प्रदेश की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके राजनीतिक जीवन में टिहरी बांध प्रभावित क्षेत्र, पुनर्वास सहित क्षेत्रीय समस्याओं को विधानसभा में उठाने का उल्लेख मिलता है।
राज्यसभा की दावेदारी के सिलसिले में जोशी ने हाल ही में रक्षा मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा। इस दौरान क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, राजनीतिक अनुभव और संगठन से उनके लंबे जुड़ाव सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। अंतिम निर्णय भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
भाजपा की वर्ष 2026 की प्रदेश कार्यसमिति में भी लाखी राम जोशी को टिहरी जिले से विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
जोशी की दावेदारी सामने आने के बाद उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जोशी का लंबा राजनीतिक अनुभव और टिहरी क्षेत्र से उनका पुराना जुड़ाव राज्यसभा की दावेदारी के संदर्भ में महत्वपूर्ण है।

