जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र की जिला प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित



दिनांक 19 फरवरी, 2026

जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र की जिला प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित

आज गुरुवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के मुख्यालय स्थित विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र की जिला प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई।

जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा वित्तपोषित है तथा यह केन्द्र दिव्यांगजनों के उत्थान हेतु जनपद टिहरी के जिला अस्पताल बोराड़ी में स्थापित किया गया है। इस केन्द्र का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायता उपकरण एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना, दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करना, शैक्षिक सेवाएं एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करना है।

बैठक के दौरान जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र के नोडल अधिकारी सुशील बहुगुणा द्वारा पीपीटी के माध्यम से मार्च 2025 से फरवरी 2026 तक की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। रिपोर्ट में बताया गया कि इस अवधि में कुल 8990 यूडीआईडी कार्ड बनाए गए, 6827 पेंशन प्राप्त दिव्यांगजनों का चिन्हीकरण किया गया तथा 9502 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, कान की मशीन, छड़ी आदि सहायक उपकरण वितरित किए गए।

इसके अतिरिक्त 8997 दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए। स्वरोजगार हेतु 21 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 12 दिव्यांगजनों को स्वरोजगार से जोड़ा गया। इनके द्वारा परचून की दुकान, दूध डेयरी, टेंट हाउस, सिलाई केन्द्र, लघु उद्योग, गारमेंट की दुकान आदि प्रारम्भ किए गए। साथ ही लगभग 2100 विद्यार्थियों को विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से लाभान्वित किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने बाल विकास विभाग को जनपद में कुल दिव्यांगजनों की रिपोर्ट तैयार करने, शिक्षा विभाग को दिव्यांगजनों की शैक्षिक स्थिति प्रस्तुत करने तथा एलडीएम को बैंक ऋण से संबंधित लंबित प्रकरणों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, एलडीएम मनीष मिश्रा, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608
error: Content is protected !!