


ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) मुनि की रेती 24 अगस्त नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला द्वारा मानसून सीजन में नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है।
पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के निर्देशों के अनुपालन में पालिका के सेनेटरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान द्वारा राम झूला, ढालवाला एवं आस्था पथ क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों के आगे गंदगी पाए जाने तथा विभिन्न क्षेत्रों में गंदगी किए जाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पालिका टीम द्वारा त्वरित प्रवर्तन कार्रवाई की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध 04 चालान करते हुए कुल ₹1,200 (एक हजार दो सौ रुपये) का अर्थदंड वसूला गया।
नगर पालिका द्वारा क्षेत्रवासियों, दुकानदारों एवं व्यापारियों से अपील की गई कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा न फैलाएं, दुकानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखें तथा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही कूड़े का निस्तारण करें।
पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को लेकर निरीक्षण एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं गंदगी मुक्त बनाए रखने में सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।

