


ऋषिकेश, 22 अक्टूबर पिरामिड स्पिरिचुअल सोसाइटीज़ मूवमेंट (PSSM) की पहल पर पीएमसी सोसाइटी द्वारा पीएमसी हिंदी के सहयोग से आयोजित महा योग ध्यान कुंभ (MYDK) 9.0 को लेकर गुरुवार को गंगा रिसॉर्ट के कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। आयोजकों ने पांच दिवसीय महोत्सव की रूपरेखा, प्रमुख कार्यक्रमों और सेवा व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की। 23 से 27 अक्टूबर तक मुनि की रेती स्थित योग महोत्सव घाट पर गंगा तट के किनारे आयोजित होने वाले इस महोत्सव की थीम ‘आंतरिक रूपांतरण एवं विश्व शांति’ रखी गई है। आयोजन का उद्देश्य सामूहिक ध्यान के माध्यम से लोगों को आंतरिक शांति, जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। सुबह ध्यान, शाम को गंगा आरती महोत्सव में सामूहिक आनापानसती यानी श्वास-जागरूकता ध्यान, लाइव वाद्य संगीत और पिरामिड ऊर्जा के साथ ध्यान सत्र प्रमुख आकर्षण होंगे। प्रतिदिन सुबह 5 से 8 बजे तक लाइव संगीतमय ध्यान तथा शाम 6 से 6:30 बजे तक गंगा आरती आयोजित की जाएगी। इसके अलावा आध्यात्मिक गुरुओं, ध्यान शिक्षकों, वैज्ञानिकों और जागरूक विचारकों के साथ ज्ञान संवाद, भारतीय शास्त्रीय संगीत, कबीर भजन, अभंग और ध्वनि चिकित्सा के सत्र भी होंगे। योग, प्राणायाम, आयुर्वेद एवं श्वास-क्रिया पर स्वास्थ्य कार्यशालाओं के साथ बच्चों के लिए ‘जाग्रत किड्स’ और युवाओं के लिए ‘स्वानुभव यूथ सेशंस’ आयोजित किए जाएंगे। आयोजन में 108 घंटे का अखंड ध्यान भी विशेष आकर्षण रहेगा। 27 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक गंगा आरती एवं संत सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। पांच दिनों में 1.5 लाख से अधिक लोगों को अन्नप्रसाद आयोजकों के अनुसार MYDK 9.0 पूरी तरह निःशुल्क है। इसमें ध्यान साधकों के साथ परिवार, युवा, वरिष्ठ नागरिक और अन्य इच्छुक लोग भी शामिल हो सकते हैं। अन्नप्रसादम सेवा के तहत पांचों दिनों में 1.5 लाख से अधिक निःशुल्क सात्विक भोजन वितरित किए जाने की व्यवस्था की गई है। 18 से अधिक देशों से पहुंचेंगे साधक आयोजकों ने बताया कि वर्ष 2017 में शुरुआत के बाद से महा योग ध्यान कुंभ प्रतिवर्ष शरद पूर्णिमा के अवसर पर ऋषिकेश में आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष 150 से अधिक शहरों और 18 से अधिक देशों से प्रतिभागियों के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों को 10 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता की उम्मीद है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वामीनारायण आश्रम ऋषिकेश के संस्थापक सुनील भगतजी, PMC Society के अध्यक्ष एवं मुख्य आयोजक वसंत शास्त्री, PMC Hindi के क्रिएटिव हेड एवं COO अमूल्य शास्त्री, उपाध्यक्ष नई परियोजनाएं मनोज दलदानी, MYDK अन्नप्रसादम सेवा प्रमुख निखिल खुरानिया तथा PMC Hindi के ब्रांड एम्बेसडर भूपिंदर सिंह रावत मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि “जब बदलाव भीतर आता है, तो उसका सकारात्मक प्रभाव आसपास की दुनिया पर भी पड़ता है।” इसी भावना के साथ महोत्सव सामूहिक ध्यान, आध्यात्मिक ज्ञान और सेवा के माध्यम से आंतरिक रूपांतरण एवं विश्व शांति का संदेश आगे बढ़ाएगा

