

ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) टिहरी 9 जून जनपद टिहरी गढ़वाल में एडीबी द्वारा सहायतित “SICRTD” परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित उप-परियोजना “Smart Component & Smart Loop” की डीपीआर (Detailed Project Report) के विभिन्न घटकों के संबंध में आज जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पर्यटन सेक्टर विशेषज्ञ आशीष शर्मा द्वारा परियोजना के स्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर घटकों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि यह परियोजना आईसीसीसी (ICCC) आधारित आधुनिक शहरी प्रबंधन प्रणाली पर केंद्रित होगी, जिसके अंतर्गत स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम, इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट, एआई आधारित वीडियो एनालिटिक्स युक्त सीसीटीवी सर्विलांस, स्मार्ट पोल (ईवी चार्जिंग, डिजिटल बिलबोर्ड, पर्यावरण सेंसर एवं स्मार्ट लाइट), तथा फाइबर आधारित सिटी नेटवर्किंग जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वर्तमान में स्थापित सभी कैमरा नेटवर्क का मैप भी प्रस्तावित नए नेटवर्क के साथ समेकित रूप से तैयार किया जाए, जिससे किसी प्रकार की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही उन्होंने कहा कि परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता के साथ संवाद स्थापित कर उनकी आवश्यकताओं एवं सुझावों को भी शामिल किया जाए।
उन्होंने चंबा चौक पर पीटीजेड कैमरा के साथ पब्लिक एड्रेस सिस्टम (PAS) लगाने, चंबा–कोटी नैल मार्ग पर एएनपीआर (ANPR) कैमरा स्थापित करने, तथा अधिक जनसंख्या वाले क्षेत्रों एवं पार्किंग स्थलों पर ईवी चार्जिंग सहित स्मार्ट पोल लगाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त स्मार्ट बस शेल्टरों में रियल टाइम पब्लिक इंफॉर्मेशन सिस्टम एवं ट्रैकिंग सुविधा विकसित करने पर भी बल दिया गया। जिलाधिकारी द्वारा परियोजना के अंतर्गत आवश्यक मानव संसाधन (मैनपावर) की समीक्षा भी की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने बैठक में पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विशेष रूप से बोटिंग पॉइंट्स एवं जेटी क्षेत्रों में प्रभावी सुरक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग से के एस नेगी, ईओ चम्बा प्रशांत चौधरी, ईई यूपीसीएल डी पी आर्य, एसडीओ बीएसएनएल विवेक पंवार, जीआइएस एक्सपर्ट इप्शिता, स्मार्ट आईटी से प्रदीप आदि संबंधित उपस्थित रहे।

