

ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) 5 जून संत निरंकारी मिशन द्वारा आज विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर एक विशाल स्वच्छता, वृक्षारोपण और जागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना था ।
इस विशेष अभियान में मुख्य अतिथि के रूप में ऋषिकेश नगर निगम के महापौर शम्भू पासवान उपस्थित रहे । उनके साथ ही कार्यक्रम में ब्रांच इंचार्ज महादेव कुड़ियाल और सुरिंदर कथूरिया भी मौजूद रहे। महापौर और मिशन के अधिकारियों ने कार्यक्रम की शुरुआत की ।
इस अवसर पर महापौर ने उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण को हरा-भरा रखने तथा प्लास्टिक प्रदूषण को पूरी तरह समाप्त करने की प्रेरणा दी ।
आयोजित कार्यक्रम में ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ के संदेश को घर-घर पहुँचाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण किया गया तथा ऋषिकेश को योग नगरी, तीर्थ नगरी और गंगा नगरी के रूप में परिभाषित करते हुए सभी से विशेष अपील की गयी कि वे अपने घरों का कूड़ा बाहर न फेंकें और गंगा माता की निर्मलता बनाए रखने में अपना पूर्ण सहयोग दें ।

