ब्रेकिंग

रानीपोखरी धारकोट में हुई मजदूर की हत्या का हुआ खुलासा



ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) 26 फरवरी 2026 को थाना रानीपोखरी पुलिस को सूचना मिली कि नीम करौली मंदिर, धारकोट के पास एक निर्माणाधीन मकान में एक व्यक्ति चित अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और व्यक्ति को जौली ग्रांट अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई।
27 फरवरी को मृतक के भाई प्रमोद कुमार ने शव की पहचान बबलू पुत्र रिक्खी राम निवासी ग्राम जरही मोतीपुर, बहराइच (उत्तर प्रदेश) के रूप में की। पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतक के भाई ने थाना रानीपोखरी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके भाई के साथ मजदूरी करने वाले पप्पू साहनी ने हत्या की है। तहरीर के आधार पर थाना रानीपोखरी में मुकदमा अपराध संख्या 19/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई टीमें
घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच में सामने आया कि नामजद आरोपी घटना के बाद से फरार था।सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 28 फरवरी 2026 को आरोपी पप्पू साहनी पुत्र रामशरण निवासी वार्ड नंबर 7, बांक बैंक, बेगूसराय शहर (बिहार) को भूईया मंदिर, थानों रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और बबलू धारकोट क्षेत्र में साथ मजदूरी करते थे। 22 फरवरी की रात पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर उसने बबलू के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा
शरीर में कोई हलचल न होने पर आरोपी घबरा गया और अगले दिन सुबह मृतक के ऊपर कंबल डालकर कमरे में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608
error: Content is protected !!