


ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) पूर्णानंद इंटर कॉलेज मुनि की रेती के राष्ट्रीय सेवायोजन के साथ दिवसीय विशेष शिविर के आज पांचवें दिन स्वयंसेवियों ने योगाचार्य सागर खंडूरी एवं मंजू मेहरा दिशा निर्देशन में योगाभ्यास किया। तत्पश्चात स्वयंसेवियों ने नगर पालिका मुनि की रेती के 14 बीघा, खारा स्त्रोत और शीशम झाड़ी क्षेत्र में मतदाताओं को लोकतंत्र के प्रति जागरूक करने के लिए मतदाता जागरूकता रैली निकाली। एवं नुक्कड़ इन क्षेत्रों के चौराहों में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर मतदाताओं को जागरूक करने का प्रयास किया। बौद्धिक क्षेत्र में मुख्य अतिथि भाजपा के ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष टिहरी राजेंद्र थलवाल ने कहा कि जागरूक मतदाता लोकतंत्र के आधार स्तंभ होते हैं। बिना भय एवं लोभके यदि अपना मतदान किया जाए तो हम अपने भविष्य सुरक्षित हाथों में सौंप कर उज्ज्वल बनाते है। अति विशिष्ट अतिथि जगमोहन थलवाल ने कहा कि आज के दौर में छात्र-छात्राओं में सामाजिक चेतना के साथ-साथ राष्ट्रीय चेतना का भी जागृत होना आवश्यक है । आपूर्ति निरीक्षक देहरादून प्रशांत बिष्ट ने इस अवसर पर स्वयंसेवियों को विभिन्न प्रकार के राशन कार्डों की जानकारी दी और और छात्रों से आवाहन किया कि वह वास्तविक गरीब लोगों का राशन कार्ड बनवाने में मदद कर सकते हैं और साथ ही जिन लोगों का अवैध कार्ड बन जाता है उनका वे निरस्त कराने में शासन का सहयोग कर सकते हैं। प्रधानाचार्य अजीत पाल सिंह रौथान ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सभी स्वयंसेवी विद्वान जनों के विचारों को अवश्य आत्मसात करे , और शिविर में प्राप्त की गई ज्ञान को अपने जीवन में उतारे। मंच संचालन कार्यक्रम अधिकारी चंद्र मोहन सिंह रौथान ने किया, इस अवसर पर सहायक कार्यक्रम अधिकारी राजूलाल, पुष्पा शर्मा, अंबिका नाथ , नवीन बडोनी, अजय कुमार,कुलबीर बुटोला, दृगपाल रावत आदि उपस्थित रहे।
श्रमदान सत्र में स्वयंसेवियों द्वारा पूर्णानंद खेल मैदान की साफ सफाई की गई। सांस्कृतिक सत्र में स्वयंसेवियों के द्वारा गढ़वाली कुमाऊनी एवं भोजपुरी लोकगीतों और लोकनृत्यो की शानदार प्रस्तुति दी गई।

