


ऋषिकेश 8 अक्टूबर उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री ए.के. सिकन्दर पवार के देहरादून में पदभार ग्रहण करने के बाद अपने निजी निवास अल्मोड़ा के लिए प्रस्थान के दौरान ऋषिकेश पहुंचने पर वाल्मीकि समाज के लोगों ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
नेपाली फार्म, ऋषिकेश पहुंचने पर मुनिकीरेती, स्वर्गाश्रम और ऋषिकेश क्षेत्र से बड़ी संख्या में पहुंचे वाल्मीकि समाज के लोगों ने नवनियुक्त उपाध्यक्ष ए.के. सिकन्दर पवार को पगड़ी पहनाकर, नोटों की माला, पुष्पमाला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान समाज के लोगों ने उनके नई जिम्मेदारी संभालने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
स्वागत से अभिभूत राज्य मंत्री ए.के. सिकन्दर पवार ने वाल्मीकि समाज एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वाल्मीकि समाज और कर्मचारी वर्ग के हितों के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन किया जाएगा।
इस अवसर पर अमित कुमार भौते, सुशील कुमार घाघट, रवि कुमार श्रीवास्तव, सोमपाल, अनिल कुमार घाघट, मोहन लाल भौते, टिकेश पारछा सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

