


टिहरी 10 अक्टूबर महाविद्यालय खाड़ी, टिहरी गढ़वाल में शनिवार को प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में अभिभावक-शिक्षक संघ (PTA) की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास, अनुशासन और महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसी दौरान अभिभावक-शिक्षक संघ की नई कार्यकारिणी का विधिवत गठन किया गया।
बैठक में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। लोकतांत्रिक प्रक्रिया एवं सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चयन किया गया। इसमें सुशीला देवी को अध्यक्ष, रोशनी देवी को उपाध्यक्ष तथा सुशीला देवी कोषाध्यक्ष चुनी गईं।
बैठक में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, अनुशासन, शैक्षणिक प्रगति, महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं तथा परिसर में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। अभिभावकों ने महाविद्यालय के विकास के लिए अपने सुझाव भी रखे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुशीला देवी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अभिभावक-शिक्षक संघ अभिभावकों और महाविद्यालय प्रशासन के बीच मजबूत सेतु के रूप में कार्य करेगा। विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही नियमित बैठकें आयोजित कर अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर संवाद स्थापित किया जाएगा।
उपाध्यक्ष रोशनी देवी ने भी संघ के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। वहीं कोषाध्यक्ष ने महाविद्यालय के विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग करने की बात कही।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि अभिभावक और शिक्षक किसी भी शिक्षण संस्थान के दो मजबूत स्तंभ हैं। सशक्त अभिभावक-शिक्षक संघ के गठन से विद्यार्थियों की समस्याओं का समय पर समाधान करने तथा उनके शैक्षणिक स्तर को और बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
बैठक के अंत में धन्यवाद ज्ञापित किया गया। उपस्थित अभिभावकों ने PTA के गठन की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में महाविद्यालय के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

