


ऋषिकेश, 26 सितंबर ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में नटराज चौक से श्यामपुर चौकी तक 7.30 किलोमीटर लंबे मार्ग के नवीनीकरण कार्य का शनिवार को विधिवत भूमि पूजन किया गया। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
कुंभ निधि से लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 4 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से इस मार्ग का बी.सी. (बिटुमिनस कंक्रीट) से नवीनीकरण किया जाएगा। आबादी वाले क्षेत्रों में सड़क के दोनों ओर इंटरलॉकिंग टाइल्स से पक्के शोल्डर भी बनाए जाएंगे।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि नटराज चौक से श्यामपुर चौकी तक का मार्ग ऋषिकेश क्षेत्र की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। सड़क के नवीनीकरण और पक्के शोल्डर बनने से स्थानीय लोगों के साथ ही देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।
भूमि पूजन कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भृगुनाथ द्विवेदी, सहायक अभियंता राजेश चौहान, कनिष्ठ अभियंता संजय सेमवाल, कनिष्ठ अभियंता राहुल सैनी, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन पोखरियाल, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, पार्षद वीरेंद्र रमोला, इंद्र कुमार गोदवानी, विपिन पंत, शिव कुमार गौतम, सतपाल राणा, अरुण बडोनी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

