सेवा संकल्प फाउंडेशन की पहल, बालिकाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं मासिक धर्म संबंधी जानकारी दी



टिहरी  21 सितंबर,  सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा महिला स्वास्थ्य जनजागरूकता अभियान के तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बौराड़ी एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नरेंद्रनगर में सैनिटरी नैपकिन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को सैनिटरी नैपकिन वितरित करने के साथ ही बालिका स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं मासिक धर्म से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

‎सोमवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बौराड़ी में आयोजित कार्यक्रम में अध्यापिकाओं, चिकित्सक एवं जनप्रतिनिधियों ने बालिकाओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। चिकित्सक डॉ. अभिलाषा ने बालिकाओं को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलावों, मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता रखने तथा इस आयु में आने वाली विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में भी बताया।

‎‎कार्यक्रम में सेवा संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक गीता धामी ने वर्चुअल माध्यम से बालिकाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा बालिकाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्मविश्वास को ध्यान में रखते हुए सैनिटरी नैपकिन वितरण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इस पहल के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं तक निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में उनकी शिक्षा प्रभावित न हो।

‎उन्होंने कहा कि मासिक धर्म किसी शर्म या संकोच का विषय नहीं, बल्कि हर बेटी के जीवन का स्वाभाविक हिस्सा है। इसके संबंध में जागरूकता और स्वास्थ्य के प्रति सजगता आवश्यक है। स्वच्छता का ध्यान रखने से संक्रमण के जोखिम को कम करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का प्रयास है कि प्रत्येक बेटी को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों और वह स्वस्थ, सुरक्षित एवं आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों की ओर आगे बढ़ सके।

‎‎कार्यक्रम में सेवा संकल्प फाउंडेशन के समन्वयक अनिरुद्ध भट्ट, चिकित्सक डॉ. अभिलाषा, प्रधानाचार्य आरती बिष्ट, सभासद उर्मिला राणा, अध्यापिका नीलम, रोशनी नेगी, मीना सकलानी, प्रभा राणा, हिमानी भंडारी, भुवनेश्वरी, पार्वती, कल्पना असवाल, शिखा, अंजू, संगीता रावत सहित लता मखलोगा, भारती सेमवाल तथा विद्यालय की बालिकाएं उपस्थित रहीं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608
error: Content is protected !!