


ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) 8 अगस्त ऋषिकेश कृषि मंडी समिति में दुकानों के कथित अवैध एवं अपारदर्शी आवंटन का मामला सामने आया है। शनिवार को कृषि मंडी समिति ऋषिकेश के आढ़तियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कुलदीप शर्मा के नेतृत्व में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से उनके कैंप कार्यालय में मुलाकात कर मामले से अवगत कराया और ज्ञापन सौंपा।
आढ़तियों ने आरोप लगाया कि मंडी में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव रहा है। इसके चलते वास्तविक पात्र लोगों के हित प्रभावित हो रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कर पात्र व्यक्तियों को न्याय दिलाया जाए।
इसके अलावा आढ़तियों ने मंडी समिति में पिछले करीब 13 वर्षों से कार्यरत एक कर्मचारी के कार्यों को लेकर भी शिकायत विधायक के समक्ष रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित कर्मचारी द्वारा अपने दायित्वों का अपेक्षित रूप से निर्वहन नहीं किया जा रहा है, जिससे मंडी की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं।
विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने आढ़तियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि मंडी व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और न्याय सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर विनोद जायसवाल, ऋषि जायसवाल, मयंक गुप्ता, राहुल जायसवाल, अखिलेश मौर्या, नवीन शर्मा, सुभाष गुप्ता, धर्मजीत अग्रवाल, प्रेम गुप्ता, सुरेंद्र गुप्ता, मनदीप गुप्ता, मनदीप सिंह, चंदू चौरसिया संदीप खुराना खैराती लाल हर्षित सहित बड़ी संख्या में आढती उपस्थित रहे

