


ऋषिकेश (आशीष कुकरेती ) मुनिकीरेती-ढालवाला, 31 जुलाई। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी टिहरी शैलेंद्र सिंह नेगी ने शुक्रवार को नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला सभागार में सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ व्यापक समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक के उपरांत उन्होंने जानकी झूला पार्किंग, ढालवाला पार्किंग एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम ने मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए विद्युत पोलों एवं उनसे जुड़ी तारों में करंट जैसी संभावित दुर्घटनाओं के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी स्थिति की जानकारी मिलते ही तत्काल विद्युत विभाग को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए संवेदनशील एवं आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि मेला अवधि के दौरान सफाई, पेयजल, विद्युत या अन्य किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई कर उसका समाधान सुनिश्चित करे।
एडीएम ने सभी सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों को आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने, लगातार फील्ड में निगरानी बनाए रखने तथा प्रत्येक व्यवस्था के साथ वैकल्पिक योजना भी तैयार रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में व्यवस्थाएं प्रभावित न हों।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता कमल सिंह, सहायक अभियंता दरमियां सिंह असवाल मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती कर निरीक्षक आकाश अग्रवाल विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे

