


ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) स्वर्ग आश्रम/ पौड़ी गीता आश्रम में त्रिदिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव के दौरान अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ, श्रीमद्भगवद्गीता पाठ, गीता गायत्री यज्ञ, भजन-कीर्तन तथा संतों के प्रेरणादायी प्रवचनों सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
मुख्य अतिथि नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने गुरु महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “गुरु ही वह दिव्य शक्ति है जो साधक को अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाकर आत्मसाक्षात्कार का मार्ग प्रशस्त करती है।” वहीं स्वामी गोविंद दास महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि गुरु से प्राप्त ज्ञान को जीवन में उतारना ही सच्ची गुरु भक्ति है।
आश्रम के संस्थापक ब्रह्मलीन स्वामी वेदव्यास आनंद सरस्वती जी महाराज की गुरु परंपरा का स्मरण करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उनके बताए आदर्शों एवं मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि और गुरु पूजा है।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण पानीपत की अनमोल शर्मा पार्टी द्वारा प्रस्तुत भव्य धार्मिक झांकियां रहीं। भगवान शिव, मां दुर्गा, लक्ष्मी-नारायण, मां काली तथा श्रीहनुमान जी की मनोहारी झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भक्ति संगीत और धार्मिक भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
गुरु पूजन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपजिलाधिकारी यमकेश्वर चतर सिंह चौहान, तहसीलदार वैभव जोशी, कानूनगो सहित अन्य अधिकारियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का शुभकामना संदेश भी आश्रम को प्राप्त हुआ।

