कांवड़ यात्रा मार्ग पर लंगर भंडारों का खाद्य सुरक्षा विभाग ने किया आकस्मिक निरीक्षण, 15 खाद्य नमूने जांच हेतु भेजे



ऋषिकेश (आशीष कुकरेती ) टिहरी  28 जुलाई  मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन एवं जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देशों के क्रम में आगामी कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा यात्रा मार्ग पर संचालित लंगर भंडारों का आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना है।

निरीक्षण के दौरान जनपद के गंगोत्री यात्रा मार्ग पर साईं सेवादल रोहतक द्वारा नागणी में संचालित लंगर, शिवशक्ति कांवड़ सेवा द्वारा ताछला में संचालित लंगर तथा शिवशक्ति सेवा टूरिस्ट, स्वरूपनगर (दिल्ली) द्वारा फकोट में संचालित लंगर भंडारों का खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण किया गया।

निरीक्षण के दौरान सभी संस्थाओं को श्रद्धालुओं को स्वच्छ, ताजा एवं गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही कृत्रिम एवं हानिकारक खाद्य रंगों के प्रयोग से पूर्णतः बचने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान लंगर भंडारों में भोजन व्यवस्था सामान्यतः संतोषजनक पाई गई।

अभियान के दौरान कुल 15 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु एकत्रित कर प्रयोगशाला भेजे गए। इनमें मिठाई, मठरी, बालूशाही, बर्फी के साथ-साथ चावल, आटा एवं बेसन के नमूने शामिल हैं।

निरीक्षण दल में सहायक आयुक्त (खाद्य) प्रमोद रावत एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत चौहान उपस्थित रहे।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के निरीक्षण अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608
error: Content is protected !!