

ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) श्यामपुर 27 जून डोईवाला विकासखंड अंतर्गत ऋषिकेश विधानसभा के खैरी खुर्द, गढ़ी मयचक, श्यामपुर, खैरी कला, छिद्दरवाला, खदरी, गुमानीवाला एवं सिराई क्षेत्र में लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से सिंचाई नहरों के व्यापक पुनरोद्धार कार्य का शुभारंभ आज भट्टोंवाला में विधिवत भूमि पूजन के साथ किया गया।
यह भूमिपूजन कार्यक्रम ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का सफल संयोजन भट्टोंवाला की पूर्व ग्राम प्रधान दीपा राणा द्वारा किया गया। भूमि पूजन के अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय जनता की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
इस अवसर पर डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि सिंचाई सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण किसानों की उन्नति का आधार है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इन क्षेत्रों में नहरों के जीर्णोद्धार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब साकार किया जा रहा है। इस परियोजना के पूर्ण होने के पश्चात न केवल जल आपूर्ति में सुधार होगा, बल्कि किसानों को समय पर पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आय में भी सकारात्मक बढ़ोतरी होगी।
डॉ अग्रवाल ने आगे कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूर्णतः संवेदनशील है और उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं के विकास के साथ-साथ जल संसाधनों के संरक्षण एवं बेहतर प्रबंधन की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी और आने वाले समय में इसका लाभ हजारों किसानों को मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अभियंता दिशांत गुप्ता ने तकनीकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस पुनरोद्धार कार्य के अंतर्गत नहरों की सफाई, मरम्मत, सुदृढ़ीकरण एवं आवश्यकतानुसार नई संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा, जिससे जल का सुचारू प्रवाह सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर सहायक अभियंता सुरेंद्र श्रीकोटी, अपर सहायक अभियंता हेमंत पठोई, अपर सहायक अभियंता संजीव चौहान, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पुष्पा ध्यानी, पंचायत सदस्य दीपक महर, गुमानीवाला ग्राम प्रधान किशोर पैन्यूली, मानवेंद्र कंडारी, मनीराम रयाल, गोविंद सिंह मेहर, माधुरी जुगलान, पूनम व्यास, उमेद रौथान, सीमा पयाल, मंडल महामंत्री सतपाल राणा, रविंद्र रमोला, संजय राणा, अर्चना व्यास सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

