ब्रेकिंग

मिशन आरम्भ’ कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों में पूर्व प्राथमिक शिक्षा को सशक्त बनाने पर जोर



ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) दिनांक 17 फरवरी, 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार, टिहरी गढ़वाल में बाल विकास विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रॉकेट लर्निंग फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘मिशन आरम्भ’ कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में की गई। बैठक में ‘मिशन आरम्भ’ कार्यक्रम की वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक लता कुमारी एवं जिला समन्वयक उमेश बहुगुणा ने जिलाधिकारी टिहरी एवं समस्त बाल विकास अधिकारियों के समक्ष विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने अवगत कराया कि जनपद के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पूर्व प्राथमिक शिक्षा के महत्व से जोड़ते हुए प्रारंभिक बाल्यावस्था की मजबूत आधारशिला रखने हेतु खेल-आधारित गतिविधियों को तकनीकी माध्यम से संचालित किया जा रहा है। उनके द्वारा बताया गया कि कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को रोचक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों के जरिए सीखने का अवसर मिल रहा है, जिससे उनकी भाषा, गणितीय क्षमता, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास को प्रोत्साहन मिल रहा है। इसके अतिरिक्त सभी आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को ऑफलाइन प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें एक कुशल एवं दक्ष शिक्षक के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे केंद्रों पर बच्चों को पोषण के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी उपलब्ध कराई जा सके और उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने ‘मिशन आरम्भ’ कार्यक्रम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों के भविष्य की नींव होती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जो आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी, उन्हें प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय, बाल विकास अधिकारी संजय गौरव, समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, अर्थ एवं संख्या अधिकारी साक्षी शर्मा, एआरटीओ सत्येंद्र राज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608
error: Content is protected !!