



ऋषिकेश/मुनिकीरेती 14 नवंबर परिवहन विभाग की सतर्कता के चलते आज एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह फिरोजाबाद से ऋषिकेश आई एक बस में विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित क्षमता से अधिक सवारियां बैठी हुई थीं।
ऋषिकेश स्थित एआरटीओ कार्यालय के समीप परिवहन विभाग की टीम ने बस को रोककर जांच की तो उसमें ओवरलोडिंग पाई गई। इस पर एआरटीओ रश्मि पतं द्वारा बस का चालान किया गया और अतिरिक्त सवारियों को बस से उतारकर ऑटो के माध्यम से आगे भेजा गया।
बताया जा रहा है कि इसके बाद बस में शेष सवारियों को लेकर चालक मुनिकीरेती की ओर रवाना हुआ। इसी दौरान ब्रह्मानंद मोड़ के पास अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए और बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार से जा टकराई।
गनीमत रही कि बस में सवार सभी छात्र-छात्राएं और अन्य लोग सकुशल बच गए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
इस घटना ने एक बार फिर स्कूल के बच्चों को ले जाने वाले वाहनों में ओवरलोडिंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवहन विभाग की समय रहते की गई जांच से बस में सवार अतिरिक्त यात्रियों को पहले ही उतार दिया गया था।

