


ऋषिकेश। नव मधुबन आश्रम में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण एवं गोवर्धन महाराज को छप्पन भोग अर्पित किए गए। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आरती और संकीर्तन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भंडारे का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर आश्रम के अध्यक्ष स्वामी परमानंद दास महाराज ने प्रवचन करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण को किसी भी प्रकार का अहंकार पसंद नहीं है। उन्होंने इंद्रदेव का घमंड तोड़ने और उनके अभिमान को समाप्त करने के लिए सात दिनों तक अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत धारण किया था। यह प्रसंग हमें सिखाता है कि मनुष्य को कभी अहंकार नहीं करना चाहिए और भगवान का स्मरण सदैव श्रद्धा, प्रेम एवं समर्पण भाव से करना चाहिए।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, पूर्व अध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल, रोशन रतूड़ी, समाजसेवी कमल सिंह राणा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सूर्यचंद चौहान, संजय बडोला, आशीष कुकरेती, दिलीप शर्मा, सुनील कंडवाल, नवीन अग्रवाल, नितिन गुप्ता, सुदामा सिंघल, दिनेश कोठारी कविराज दास अमेरिका से , हर्ष कौशल,श्यामसुन्दर दास,अमित नाथ,वीरभद्र दास,सोनू,गंगा दत्त, राकेश उनियाल सहित अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूरे आश्रम परिसर में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।

