


ऋषिकेश (आशीष कुकरेती ) 18 सितंबर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शुक्रवार को ऋषिकेश स्थित सब्जी मंडी का औचक निरीक्षण किया। मंडी परिसर में जगह-जगह गंदगी और अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद मंडी सचिव पीआर कालाकोटि को साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडी समिति के व्यापारियों ने विधायक के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि मंडी में दुकानों का आवंटन नियमानुसार नहीं किया गया है। उन्होंने मंडी निरीक्षक हिमांशु रावत के करीब 15 वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थ रहने का उल्लेख करते हुए उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। व्यापारियों का आरोप था कि संबंधित कर्मचारी द्वारा नियमानुसार कार्य नहीं किया जाता तथा व्यापारियों के साथ दुर्व्यवहार भी किया जाता है।
व्यापारियों ने मंडी परिसर में रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने की समस्या भी उठाई। उनका कहना था कि रात में परिसर में अंधेरा रहने के कारण व्यापारियों और अन्य लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
व्यापारियों की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मंडी परिषद उत्तराखंड के अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू से वार्ता की। इसके साथ ही उन्होंने कृषि मंत्री गणेश जोशी से भी फोन पर बातचीत कर मंडी की व्यवस्थाओं और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर चर्चा की।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि मंडी परिसर में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित व्यापारियों से जुड़ी अन्य समस्याओं का नियमानुसार समाधान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर मंडी समिति अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, उपाध्यक्ष विनोद जयसवाल, बृजेश कुमार, राहुल जयसवाल, कपिल जयसवाल, अनिल खुराना, विपिन कुकरेती, शिवकुमार गौतम सहित अन्य व्यापारी एवं लोग मौजूद रहे।

