


ऋषिकेश/देहरादून, 29 अगस्त दून पुलिस ने ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ गैंग के 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त रवि कुमार गुप्ता को उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जनपद स्थित सोनौली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने साथियों की मदद से नेपाल भागने की फिराक में था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर वांछित एवं इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस को यह सफलता मिली है।
पुलिस के अनुसार कोतवाली ऋषिकेश में गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा और उसके सहयोगियों के खिलाफ मु0अ0सं0-405/2026 में गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि गिरोह भूमि और पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर लोगों को डरा-धमकाता था। आरोप है कि गैंग के सदस्य मारपीट, अवैध वसूली, ब्लैकमेलिंग तथा फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लोगों में भय पैदा करते थे।
इस मामले में गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा सहित प्रणव उर्फ राघव बत्रा और दीपेश कुमार को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं चौथा आरोपी रवि कुमार गुप्ता लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 27 अगस्त को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
स्कॉर्पियो से नेपाल भागने की थी तैयारी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रवि कुमार गुप्ता अपने दो साथियों की सहायता से वाहन संख्या UK14N-5344 महिंद्रा स्कॉर्पियो से नेपाल की ओर फरार होने की योजना बना रहा है और सोनौली क्षेत्र में आ-जा सकता है।
सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक सुमित चौधरी पुलिस टीम के साथ सोनौली पहुंचे और स्थानीय पुलिस से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद 28 अगस्त को करीब एक बजे पुलिस टीम ने सोनौली, जनपद महाराजगंज से 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी रवि कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने बताया कि आरोपी नेपाल की ओर भागने की फिराक में था।
वाहन और नेपाल से जुड़े दस्तावेज बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिंद्रा स्कॉर्पियो के अलावा नेपाल कस्टम द्वारा जारी अस्थायी वाहन प्रवेश पास, नेपाल में वाहन ठहरने की अवधि बढ़ाने संबंधी दस्तावेज तथा यातायात व्यवस्था सेवा कार्यालय द्वारा जारी वाहन अनुमति-पत्र बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
रवि कुमार गुप्ता पुत्र सुरेश चन्द्र गुप्ता, निवासी वार्ड नंबर 27, गली नंबर 12, शिवाजी नगर/आदर्श ग्राम कुम्हार बाड़ा, थाना ऋषिकेश, जनपद देहरादून, उम्र 38 वर्ष।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश यशपाल सिंह बिष्ट, निरीक्षक राकेश गुसाईं, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, हेड कांस्टेबल अमित राणा, हेड कांस्टेबल संदीप राठी तथा कांस्टेबल बृजेश कुमार शामिल रहे।

