

ऋषिकेश (आशीष कुकरेती ) 8 जुलाई एम्स ऋषिकेश में उत्तराखंड के स्थानीय रोगियों के लिए अलग से ओपीडी पंजीकरण काउंटर की सुविधा शुरू कर दी गयी है। इस काउंटर पर राज्यवासियों को रोगी पंजीकरण और बिलिंग सुविधा हेतु वरीयता दी जाएगी।
बुधवार को संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह की उपस्थिति में क्षेत्रीय विधायक व पूर्व केबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल ने रिबन काटकर अस्पताल के भू-तल पर स्थित पंजीकरण एरिया में इस काउंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि इस काउंटर पर उत्तराखंड के स्थानीय रोगियों को रोगी पंजीकरण संबन्धी कार्यों में विशेष सुविधा मिलेगी। क्षेत्रीय विधायक और पूर्व मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल ने कहा कि एम्स में लगातार बढ़ रहे रोगियों की संख्या को देखते हुए स्थानीय रोगियों को पंजीकरण में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि इस मामले में उन्होंने एम्स प्रशासन से अनुरोध कर राज्यवासियों के लिए अतिरिक्त काउंटर खोलने की मांग की थी। एम्स अस्पताल में राज्य वासियों के लिए अतिरिक्त पंजीकरण काउंटर खोले जाने पर उन्होंने एम्स प्रशासन और संस्थान निदेशक का आभार जताया।
इस अवसर पर उप चिकित्सा अधिकारी डाॅ. रवि कुमार, डाॅ. विकास पंवार, संस्थान के पीआरओ डाॅ. संदीप कुमार सिंह, उप मुख्य सुरक्षा अधिकारी कमांडेंट अनिल चन्द्र सिंह, पीपीएस विनीत कुमार, विश्वजीत कुमार ग्राम प्रधान असेना सुषमा बिष्ट, सिराई ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जगदंबा प्रसाद सेमवाल. ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, श्यामपर मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन पोखरियाल. जिला मंत्री सूमित पंवार, भाजपा युवा मोर्चा जिला महामंत्री कौशल बिजलवान, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, राम सिंह पवार, बजमोहन मनोरी, सुधा असवाल, पिंकी धस्माना, पूजा गौड़ सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

