185 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल पर बनेंगे आकर्षक म्यूरल, विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने किया शिलान्यास



ऋषिकेश, 31 अक्टूबर। धर्मनगरी ऋषिकेश को सुंदर, आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ऋषिकेश कोतवाली, उप जिला चिकित्सालय और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की कुल 185 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल पर 93.14 लाख रुपये की लागत से भित्तिचित्र (म्यूरल) निर्माण कार्य कराया जाएगा। इसका शिलान्यास ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने किया।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार तेज हो रही है। शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ ही शहर के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जी-20 सम्मेलन के दौरान ऋषिकेश में हुए ऐतिहासिक विकास कार्य, मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के माध्यम से कराए जा रहे कार्य तथा मंत्री रहते हुए अवस्थापना विकास निधि से कराए गए सड़क निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य ऋषिकेश को बेहतर, आधुनिक और सुविधायुक्त शहर के रूप में विकसित करना रहा है।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण, सड़कों का सुदृढ़ीकरण, सीवरेज लाइन बिछाने, विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और पेयजल लाइनों के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण कार्य चल रहे हैं। इसके अलावा कुंभ निधि से स्वीकृत सड़कों का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होने जा रहा है। शहर में आकर्षक प्रवेश द्वार बनाने की योजना पर भी शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में सैकड़ों करोड़ रुपये के विकास कार्य विभिन्न स्तरों पर गतिमान हैं और कई महत्वपूर्ण योजनाएं प्रस्तावित हैं। इनका उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही ऋषिकेश को विकास और आधुनिकता की नई पहचान दिलाना है।

भित्तिचित्र निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि 93.14 लाख रुपये की लागत से बनने वाले म्यूरल ऋषिकेश के सौंदर्यीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। 185 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल पर बनने वाली कलाकृतियां शहर की दीवारों को आकर्षक स्वरूप देंगी। देश-विदेश से ऋषिकेश आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और यात्रियों को भी शहर का सुंदर एवं सकारात्मक स्वरूप देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि धर्मनगरी की पहचान को और अधिक निखारने में इस तरह के प्रयास महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ केवल सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना नहीं है, बल्कि शहर की सुंदरता, स्वच्छता और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी भावना के साथ ऋषिकेश को बेहतर सुविधाओं से युक्त, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर ऋषिकेश महापौर शंभू पासवान, उप जिला चिकित्सालय के सीएमएस आनंद राणा, जीजीआईसी प्रधानाचार्य रचना अग्रवाल, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष राजपाल ठाकुर, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, प्राधिकरण अभियंता सुनील उप्रेती, पूर्व पार्षद शिवकुमार गौतम, बृजेश शर्मा, इंद्र कुमार गोदवानी, निवेदिता सरकार, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, मंडल महामंत्री नितिन सक्सेना, पार्षद रीना शर्मा, गोपाल सती, चेतन शर्मा, राम सिंह पवार, दुर्गा जिंदल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608
error: Content is protected !!