त्योहारों के मद्देनजर सर्राफा व्यापारियों के साथ बैठक, सुरक्षा को लेकर दिए दिशा-निर्देश



ऋषिकेश, 24 अक्टूबर आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और चोरी, लूट तथा ठगी की घटनाओं की रोकथाम को लेकर कोतवाली ऋषिकेश परिसर में सर्राफा व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश ने व्यापारियों को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और पुलिस के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

पुलिस ने सर्राफा व्यापारियों से दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को हर समय चालू रखने, कैमरों में सही तारीख और समय सुनिश्चित करने तथा प्रवेश द्वार और दुकान के बाहर का क्षेत्र स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड होने की व्यवस्था करने को कहा। साथ ही सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।

व्यापारियों को सुरक्षा अलार्म, मजबूत ताले और अन्य सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच करने तथा दुकान खोलते और बंद करते समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। पुलिस ने कहा कि संभव हो तो दुकान खोलने और बंद करने के समय कम से कम दो कर्मचारी मौजूद रहें।

बैठक में संदिग्ध व्यक्तियों अथवा दुकान की रेकी करने वालों की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी असामान्य गतिविधि की सूचना तत्काल 112 या स्थानीय पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। अधिक मात्रा में नकदी अथवा आभूषणों के परिवहन के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस से समन्वय करने को भी कहा गया।

पुलिस ने पुराने आभूषण खरीदते समय ग्राहक की पहचान तथा आभूषण के स्वामित्व से संबंधित जानकारी की जांच करने और लेनदेन का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की हिदायत दी। दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों एवं सुरक्षा गार्डों का पुलिस सत्यापन कराने, भीड़ के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा कीमती सामान को  लावारिस न छोड़ने की अपील की गई।

इसके अलावा दुकानों में अग्निशमन यंत्रों को कार्यशील रखने, बिजली की वायरिंग एवं उपकरणों की नियमित जांच कराने तथा संबंधित चौकी प्रभारी, बीट कर्मचारी और आपातकालीन नंबर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।

ऋषिकेश पुलिस ने सर्राफा व्यापारियों से अपील की कि किसी भी घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें और घटनास्थल, सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित रखें। पुलिस ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापारियों से पुलिस के साथ लगातार समन्वय और सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608
error: Content is protected !!