


ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) 21 अगस्त ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों से आए जरूरतमंद लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से करीब आठ चेक वितरित किए।
चेक प्राप्त करने वालों में गंभीर बीमारियों से पीड़ित तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लोग शामिल रहे। इनमें कुछ लाभार्थी कैंसर जैसी गंभीर एवं जानलेवा बीमारी से जूझ रहे हैं। आर्थिक कठिनाइयों के बीच मुख्यमंत्री राहत कोष से मिली यह सहायता उनके उपचार में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करेगी।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं। पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही भविष्य में भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर शत्येश्वरी देवी, शालू चौहान, कुशाल सिंह, राजपाल सिंह, तरुण भारती, दर्शनी देवी, नूतन तिवारी आदि उपस्थित रहे।

