ब्रेकिंग

NEET (UG) 2026 परीक्षा व्यवस्थाओं को लेकर एडीएम ने दिए सख्त निर्देश, कंट्रोल रूम एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा



 

ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) टिहरी  30 अप्रैल जनपद में 3 मई 2026, रविवार को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं सुरक्षित संचालन को लेकर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी द्वारा संबंधित विभागों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

एडीएम ने निर्देशित किया कि कंट्रोल रूम में पूर्ण साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा वहां किसी भी प्रकार की फोटोस्टेट मशीन, फोन अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस न रखे जाएं। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों एवं वीडियो सेटअप की नियमित जांच करने के भी निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों की पृष्ठभूमि (हिस्ट्री) का सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिए कि कंट्रोल रूम में जैमर की व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी, साफ खिड़कियां एवं अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। परीक्षार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल एवं डस्टबिन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों पर मेडिकल फर्स्ट एड किट एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। वहीं पुलिस विभाग को समय से ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों की पहचान सहित सूची उपलब्ध कराने, बैरिकेडिंग एवं नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान शिक्षा विभाग से प्रदीप थपलियाल द्वारा फ्रिस्किंग एरिया, प्रवेश द्वार (गेट), कंट्रोल रूम, जैमर, बायोमैट्रिक, वीडियोग्राफी, व्हीलचेयर सुविधा सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी प्रस्तुत की गई।

एडीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

बैठक में आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, एएसपी दीपक, एआरटीओ सतेंद्र राज, ट्रेज़री से अरविंद चौहान, यूपीसीएल से अमित आनंद, परीक्षा के आब्जर्वर आदि संबंधित उपस्थित रहे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608
error: Content is protected !!