ब्रेकिंग

संतों जनप्रतिनिधियों एवं समाज के प्रबुद्धजनों ने लिया यमुना संरक्षण का संकल्प



नई दिल्ली 22 नवंबर  भारत की आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत और करोड़ों लोगों की आस्था की जीवनधारा माँ यमुना के संरक्षण, संवर्धन एवं पुनर्जीवन के उद्देश्य से आज भारत मंडपम, नई दिल्ली में यमुना परिवार काउंसिल द्वारा ‘माँ यमुना जन संकल्प राष्ट्रीय अभियान’ का भव्य आयोजन किया गया।

इस अवसर पर पूज्य संतों, जनप्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं, पर्यावरणविदों एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने माँ यमुना की निर्मलता और अविरलता के लिए सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम में परमार्थ पीठाधीश्वर, स्वामी चिदानन्द सरस्वती  महाराज का पावन सान्निध्य प्रदान हुआ।  स्वामी जी ने सभी को संबोधित करते हुये प्रेरक उद्बोधन दिया।  लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, एनजीटी चेयरमैन जस्टिस प्रकाश श्रीवास्तव,  कपिल गर्ग आदि अनेक विभूतियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती महाराज ने अपने संदेश में कहा कि माँ यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारत की सभ्यता, संस्कृति, भक्ति, अध्यात्म और जीवन का आधार हैं। यमुना की प्रत्येक जलधारा में हमारी आस्था, हमारी परंपराएँ और हमारी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य प्रवाहित होता है। यमुना का संरक्षण केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक अस्मिता, राष्ट्रीय चेतना और मानवीय उत्तरदायित्व का विषय है।

स्वामी चिदानंद मुनि  ने कहा कि हम नदियों को माँ कहते हैं, उनकी आरती करते हैं, उन्हें प्रणाम करते हैं, लेकिन सच्ची श्रद्धा तभी पूर्ण होगी जब हम उनकी निर्मलता और पवित्रता की रक्षा भी करेंगे। नदी की आरती हमारी आस्था है, नदी की स्वच्छता हमारा कर्तव्य है और नदी की अविरलता हमारी आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी है। अब समय आ गया है कि हम केवल नदी पूजन तक सीमित न रहें, बल्कि नदी संरक्षण को अपने जीवन का संस्कार बनाएँ।

उन्होंने कहा कि यमुना को केवल जल के स्रोत अथवा उपयोग की वस्तु के रूप में नहीं, बल्कि एक जीवंत पारिस्थितिक इकाई के रूप में समझना होगा। नदी का भी अपना प्राकृतिक अस्तित्व, प्रवाह, जैव विविधता और पारिस्थितिक संतुलन है। उसमें रहने वाले असंख्य जीव-जंतु, वनस्पतियाँ और सूक्ष्म जीव भी उसी जीवन तंत्र के अभिन्न अंग हैं। नदी को बचाना केवल हमारेे लिए जल बचाना नहीं, बल्कि संपूर्ण सृष्टि के जीवन की रक्षा करना है।

उन्होंने कहा कि विज्ञान हमें नदी को स्वच्छ करने की तकनीक देता है और अध्यात्म हमें नदी को स्वच्छ रखने की प्रेरणा देता है। जब विज्ञान की शक्ति, शासन की प्रतिबद्धता, समाज की सहभागिता और संतों की आध्यात्मिक चेतना एक साथ आएगी, तभी नदियों के पुनर्जीवन का संकल्प साकार होगा।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, दीप प्रज्ज्वलन तथा विशिष्ट अतिथियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर यमुना पुरस्कारों का वितरण किया गया। ंसाथ ही सामूहिक यमुना संरक्षण संकल्प तथा विशाल माँ यमुना जी की आरती का आयोजन किया गया।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने सभी से आह्वान किया कि माँ यमुना की निर्मलता का अभियान किसी एक दिन, एक संस्था अथवा एक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि यह जन-जन का आंदोलन बने। प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में जल संरक्षण, स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता को अपनाए।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608