


जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम ने किया मौके का निरीक्षण, शीघ्र जीओ जारी करने का आश्वासन
मुनिकीरेती 10 नवंबर नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुनिकीरेती आगमन के दौरान ढालवाला मुख्य मार्ग से चीनी गोदाम तक के क्षतिग्रस्त एवं बदहाल मार्ग के निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। मुख्यमंत्री के समक्ष इस समस्या को रखने के बाद जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल के निर्देश पर प्रशासन एवं राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मार्ग का निरीक्षण किया।
इस दौरान पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, प्रशासन एवं राजस्व विभाग की टीम तथा स्थानीय लोगों की मौजूदगी में संयुक्त रूप से मौका मुआयना किया गया। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने फोन पर पालिकाध्यक्ष को आश्वासन दिया कि उक्त मार्ग के निर्माण के लिए शीघ्र जीओ जारी कराकर कार्य शुरू करवाया जाएगा।
पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने बताया कि बीते वर्ष नरेंद्रनगर में आयोजित मां कुंजापुरी मेले के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ढालवाला मुख्य मार्ग से चीनी गोदाम तक सड़क निर्माण की घोषणा की थी। हालांकि, काफी समय बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था।
उन्होंने कहा कि मार्ग की बदहाल स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को प्रतिदिन धूल और मिट्टी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने मार्ग निर्माण की मांग पर त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी का आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।

