अवैध पटाखों की बिक्री पर ऋषिकेश पुलिस सतर्क, पटाखा दुकानों का किया निरीक्षण



ऋषिकेश 29 अक्टूबर दीपावली पर्व के मद्देनजर अवैध पटाखों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऋषिकेश में प्रशासन, पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी देहरादून के निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को तहसीलदार प्रदीप नेगी के नेतृत्व में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस एवं फायर सर्विस की टीम ने क्षेत्र में संचालित पटाखा दुकानों की जांच की।

निरीक्षण के दौरान दुकानदारों के लाइसेंस सहित पटाखों की बिक्री से संबंधित आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। जांच में दो दुकानदारों के पास पटाखों की बिक्री के लिए पांच वर्षीय लाइसेंस पाए गए। वहीं, कुछ दुकानदारों ने लाइसेंस के लिए ऑनलाइन शुल्क जमा किए जाने की रसीद टीम के समक्ष प्रस्तुत की।

तहसीलदार प्रदीप नेगी ने संबंधित दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित लाइसेंस प्राप्त किए बिना पटाखों की दुकान संचालित न करें। उन्होंने लाइसेंस जारी होने के बाद ही नियमानुसार पटाखों की बिक्री करने के निर्देश दिए।

पुलिस एवं प्रशासन की टीम ने दुकानदारों को सुरक्षा मानकों और निर्धारित नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी। अधिकारियों ने कहा कि दीपावली के दौरान प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर पटाखा दुकानों का निरीक्षण लगातार जारी रहेगा।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना निर्धारित लाइसेंस के पटाखों की बिक्री अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण का उद्देश्य अवैध पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने के साथ ही दीपावली पर्व के दौरान आमजन की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608
error: Content is protected !!