


मुनिकीरेती, 22 अक्टूबर मां भद्रकाली गढ़वाली रामलीला समिति (रजि.) की बैठक गुरुवार को आईएसबीटी स्थित होटल तुलसी में समिति के अध्यक्ष प्रमोद पुंडीर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 3 नवंबर को हनुमान ध्वज स्थापना के साथ रामलीला की तैयारियों का शुभारंभ किया जाएगा तथा राज्य स्थापना दिवस 9 नवंबर से भव्य गढ़वाली रामलीला मंचन शुरू होगा।
बैठक में रामलीला के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियों का गठन भी किया गया।
समिति के सचिव राजेश रावत ने बताया कि इस वर्ष रामलीला में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी गई है। इसके साथ ही उत्तराखंड के नामचीन कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। रामलीला मंचन के दौरान गढ़वाल की लोक संस्कृति, रीति-रिवाज और परंपराओं पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा विशिष्ट व्यक्तियों के सम्मान समारोह भी होंगे।
उन्होंने बताया कि मां भद्रकाली गढ़वाली रामलीला समिति द्वारा आयोजित यह तीसरी गढ़वाली रामलीला होगी। अपनी विशिष्ट प्रस्तुति और गढ़वाली संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रयासों के चलते रामलीला को लगातार दर्शकों का प्यार और सम्मान मिल रहा है।
बैठक में समिति के उपाध्यक्ष अनिल राणा, कोषाध्यक्ष सूरत सिंह जेठुड़ी, डायरेक्टर विमल बडोनी, सुरक्षा प्रभारी गजेंद्र सिंह कंडियाल, परामर्शक सुरेंद्र भंडारी, संरक्षक घनश्याम नौटियाल, संरक्षक राजपाल राणा, संरक्षक एवं मार्गदर्शक आचार्य रामकृष्ण पोखरियाल, कर्नल के.एस. राणा, राजेश रावत, सरला बड़ोनी, मीना मदवाण, मीडिया प्रभारी विवेक बडोनी, करण सिंह बड़थ्वाल, सूरत सिंह रावत सहित समिति के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

