हुंडई क्रेटा से 10 पेटी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार; मेरठ से लाकर शादी-पार्टी में खपाने की थी तैयारी



ऋषिकेश 14 अक्टूबर अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ऋषिकेश एवं जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून की संयुक्त टीम ने गढ़ी श्यामपुर के पास कार्रवाई करते हुए एक हुंडई क्रेटा कार से अवैध शराब की 10 पेटियां बरामद की हैं। कार्रवाई आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर की गई।

टीम ने वाहन संख्या DL 4CAZ 9073 की तलाशी ली, जिसमें 100 बोतल रॉयल स्टैग व्हिस्की और 24 बोतल बडवाइजर बीयर बरामद हुई। बरामद व्हिस्की की बोतलों पर ‘For Sale Defence Personnel Only’ तथा बीयर पर ‘For Sale in Chandigarh Only’ के लेबल लगे पाए गए।

प्रथम दृष्टया जांच में शराब की बोतलों पर लगे होलोग्राम एवं लेबल नकली पाए गए हैं। आबकारी विभाग द्वारा इनकी विस्तृत जांच के लिए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

मामले में वाहन चालक निशांत शर्मा पुत्र राकेश शर्मा, निवासी मोदीपुरम, मेरठ (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ आबकारी क्षेत्र ऋषिकेश में धारा 63/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि शराब को मेरठ, उत्तर प्रदेश से लाया गया था और उस पर डिफेंस कैंटीन के लेबल इसलिए लगाए गए थे, ताकि शराब आम लोगों को कैंटीन की शराब जैसी प्रतीत हो। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आगामी शादी एवं पार्टी सीजन में शराब को खपाने की तैयारी थी।

आबकारी विभाग के अनुसार अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

कार्रवाई करने वाली टीम में आबकारी निरीक्षक ऋषिकेश प्रेरणा बिष्ट, जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून के आबकारी निरीक्षक जयवीर सिंह, उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश उनियाल, अर्जुन सिंह, आबकारी हेड कांस्टेबल राकेश नाथ एवं हेमंत सिंह तथा कांस्टेबल अंकित कुमार और आशीष चौहान शामिल रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608
error: Content is protected !!