गोवा में गोल्ड जीतकर लौटी 40 प्लस पहाड़ी बॉयज टीम का ऋषिकेश में भव्य स्वागत



ऋषिकेश, 5 अक्टूबर  गोवा में आयोजित ऑल इंडिया फुटबॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल एवं विनिंग ट्रॉफी जीतकर लौटी 40 प्लस पहाड़ी बॉयज फुटबॉल टीम का सोमवार को होटल हिमालय, ऋषिकेश में भारत विकास परिषद योग नगरी शाखा की ओर से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में भारत विकास परिषद की संरक्षक, पूर्व महापौर एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनिता ममगाईं तथा परिषद के अध्यक्ष पवन शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। अनिता ममगाईं ने विजेता खिलाड़ियों का माल्यार्पण एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।

इस अवसर पर अनिता ममगाईं ने कहा कि 40 वर्ष की उम्र के बाद भी खिलाड़ियों ने जिस जुनून, अनुशासन और फिटनेस के साथ राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है, वह युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। टीम की उपलब्धि ने ऋषिकेश के साथ-साथ पूरे उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है।

भारत विकास परिषद के अध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा कि परिषद सदैव खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध रही है। पहाड़ी बॉयज टीम की यह उपलब्धि खेल जगत में उत्तराखंड की मजबूत पहचान को दर्शाती है। उन्होंने भविष्य में भी खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

टीम के संस्थापक गोपाल रावत ने बताया कि गोवा में आयोजित ऑल इंडिया चैंपियनशिप में देशभर की कई मजबूत टीमों के खिलाफ मुकाबला करते हुए पहाड़ी बॉयज ने शानदार प्रदर्शन किया और खिताब अपने नाम किया।

सम्मानित होने वालों में टीम मैनेजर तिलोकनाथ गुप्ता, कप्तान दीपक बिष्ट, कोच दिग्विजय तोमर, खिलाड़ी अनिल रावत, विजय शर्मा, शीशपाल पोखरियाल, यशवंत रावत और शैलेंद्र शामिल रहे।

कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के संगठन सचिव आकाश जैन, राजेंद्र पांडेय, राजकुमारी जुगलान, कमलेश जैन, अनीता रेना, पंकज शर्मा, रमेश अरोड़ा, अजय कालड़ा, विजय बड़ोनी, महावीर चमोली, अनूप बड़ोनी, मनीष मनवाल, रोमा सहगल, राजेश गौतम सहित परिषद के अनेक सदस्य एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608
error: Content is protected !!