


ऋषिकेश 17 सितंबर UPI पर प्रस्तावित नए शुल्क के विरोध में गुरुवार को यूथ कांग्रेस ऋषिकेश के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि UPI आज आम नागरिकों, छोटे दुकानदारों और व्यापारियों के लिए डिजिटल भुगतान का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। ऐसे में किसी भी अतिरिक्त शुल्क को लेकर लोगों की चिंताओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।
यूथ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चाय की दुकान से लेकर सब्जी के ठेले तक QR कोड के माध्यम से डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब ₹2,000 से अधिक के प्रत्येक UPI लेनदेन पर शुल्क लगाने की चर्चा आम जनता और छोटे कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल सकती है। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने तथा प्रस्तावित शुल्क पर पुनर्विचार करने की मांग की।
यूथ कांग्रेस ने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था को सरल, सुलभ और किफायती बनाए रखना आवश्यक है। साथ ही छोटे व्यापारियों और आम नागरिकों पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं डाला जाना चाहिए।
प्रदर्शन में नैशनल कोऑर्डिनेटर सौरभ दूबे, जिला प्रभारी उत्कर्ष वालिया, जिला अध्यक्ष गौरव भारती, विधानसभा अध्यक्ष युवा कांग्रेस रवि थापा, जिला उपाध्यक्ष मयंक पाल, ब्लॉक अध्यक्ष हिमांशु कश्यप, दिव्यांश नेगी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

