भूमि मुआवजा भुगतान के लंबित प्रकरणों के निस्तारण को तहसीलवार लगेंगे शिविर



ऋषिकेश (आशीष कुकरेती) टिहरी 17 सितंबर,  जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनता दर्शन एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के क्रम में जनपद क्षेत्रांतर्गत निर्माणाधीन एवं निर्मित मोटर मार्गों से प्रभावित काश्तकारों को प्रतिकर/मुआवजा भुगतान से संबंधित लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए तहसीलवार जन सुनवाई शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को शिविरों का सफल आयोजन करते हुए लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा है।

‎शिविरों में लोक निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे तथा प्रभावित काश्तकारों के मुआवजा भुगतान से संबंधित प्रकरणों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को प्रत्येक मोटर मार्ग का नाम, प्रभावित ग्राम, काश्तकारों के नाम तथा देय मुआवजा धनराशि की स्पष्ट सूची शिविर से दो दिन पूर्व संबंधित उप जिलाधिकारी/तहसीलदार को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

‎उन्होंने विभागों को समाचार पत्र, सोशल मीडिया एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा संबंधित जनप्रतिनिधियों को कम से कम तीन दिन पूर्व लिखित रूप से सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही, सभी संबंधित अधिकारियों को शिविर स्थल पर आवश्यक अभिलेखों एवं पत्रावलियों के साथ उपस्थित रहने को कहा गया है।

‎तहसीलवार शिविर कार्यक्रम के अनुसार 21 सितंबर 2026 को तहसील टिहरी एवं कीर्तिनगर, 22 सितंबर को नरेंद्रनगर एवं घनसाली, 23 सितंबर को धनोल्टी एवं प्रतापनगर, 24 सितंबर को नैनबाग एवं कण्डीसौड़, 25 सितंबर को बालगंगा एवं देवप्रयाग, 26 सितंबर को गजा एवं जाखणीधार तथा 28 सितंबर 2026 को उप तहसील मदननेगी एवं पावकी देवी में जन सुनवाई शिविर आयोजित किए जाएंगे।

‎सभी शिविर संबंधित तहसीलों/उप तहसीलों में प्रातः 11 बजे से कार्यवाही समाप्त होने तक आयोजित होंगे। शिविरों में प्रभावित काश्तकार अपने मुआवजा/प्रतिकर भुगतान से संबंधित प्रकरणों के निस्तारण के लिए आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित हो सकते हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 8859895608
error: Content is protected !!